यूपी के आजमगढ़ के रहने वाले युवक को बीच-बचाव करना महंगा पड़ गया। उसे अपनी जिंदगी से हाथ धोना पड़ गया। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
Updated Date
आजमगढ़। यूपी के आजमगढ़ के रहने वाले युवक को बीच-बचाव करना महंगा पड़ गया। उसे अपनी जिंदगी से हाथ धोना पड़ गया। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक कांग्रेस पार्टी के नेता का भतीजा था।
वह मुंबई में रह कर फार्मासिस्ट का काम करता था। उसकी मुंबई के भिवंडी में चाकू घोप कर हत्या कर दी गई। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भाटिनपारा गांव निवासी फरहान (24) पुत्र अबूजर मुंबई में फॉर्मासिस्ट था। विगत कई सालों से वह मुंबई में रहकर किसी कंपनी में काम करता था।
कुछ दिनों पहले वह घर पर आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए गांव आया था। वह एक सप्ताह पूर्व ही मुंबई गया था। जहां वह वफा कांप्लेक्स गैबी नगर भिवंडी में सपरिवार रहता था।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 10 बजे वह आफिस से अपने कांप्लेक्स पर पहुंचा। वहां दो लोगों के बीच विवाद हो रहा था। यह देख कर वह बीच-बचाव करने पहुंच गया। इसी दौरान किसी ने उसे चाकू मार दिया। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक कांग्रेस नेता शाहिद शादाब का भतीजा था।