यूपी के प्रयागराज जिले के यमुनापार कोरांव थाना क्षेत्र में छड़गड़ा मोड़ के पास 27 मई की रात बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।
Updated Date
प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज जिले के यमुनापार कोरांव थाना क्षेत्र में छड़गड़ा मोड़ के पास 27 मई की रात बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
छड़गड़ा मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी
दुर्घटना एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हुई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 10 लोग सवार थे। ये सभी एक ही परिवार के थे और एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर साजी गांव से मड़ाफा कलां गांव लौट रहे थे। इस दौरान छड़गड़ा मोड़ पर नहर के किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे ट्रॉली के नीचे दबकर चार लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रीता देवी (20), सुमन देवी (28), शिवकुमारी (35) और आशीष (20) के रूप में हुई है। चालक घटना के बाद से फरार है। इस दुर्घटना में घायल रामचंद्र ने बताया कि ट्रैक्टर चालक उमाकांत ने कार्यक्रम में शराब पी ली थी और मना करने के बावजूद उसने वाहन चलाया।
रामचंद्र ने बताया कि इस दुर्घटना से पहले उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़क पर खड़ी एक मोटरसाइकिल को गिरा दिया था। इसके बाद वह डर के मारे वाहन को तेजी से भगाने लगा जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और नहर के किनारे गड्ढे में जा गिरा।